मुज़फ्फरनगर। 19 जून को मंडी थाने में भारतीय किसान यूनियन (तोमर गुट) के कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में आज किसानों ने डीएम कार्यालय (कोर्ट) के बाहर धरना शुरू कर दिया है। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। कलेक्ट्रेट परिसर के दोनों मुख्य प्रवेश द्वारों पर बैरिकेडिंग लगा दी गई है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रदर्शन स्थल पर अभी तक किसानों की संख्या कम है, लेकिन बीकेयू तोमर के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन को आशंका है कि जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, प्रदर्शनकारी किसानों की भीड़ बढ़ सकती है।
गौरतलब है कि 19 जून को मंडी थाने पर कुछ किसानों के साथ कथित रूप से पुलिस द्वारा बलप्रयोग (लाठीचार्ज) किया गया था, जिसके विरोध में आज यह प्रदर्शन किया जा रहा है। बीकेयू तोमर गुट ने इस घटना की निंदा करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन ने हालात पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नजर बनाए हुए हैं और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए फोर्स को अलर्ट मोड में रखा गया है।










Discussion about this post