नई दिल्ली : पाकिस्तान में एक बार फिर सियासी हलचल तेज़ हो गई है। सोशल मीडिया और यूट्यूब पर तेजी से फैली खबरों के मुताबिक पाक सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर अगले 24 घंटों में तख्तापलट कर सकते हैं और देश के राष्ट्रपति का पद संभाल सकते हैं। हाल ही में यूट्यूब पर जारी एक वीडियो में दावा किया गया है कि जनरल मुनीर के करीबी अफसरों और राजनीतिक हलकों में गुप्त बैठकों का दौर चल रहा है। दावा है कि देश में सत्तारूढ़ नेताओं और सेना के बीच तनातनी खतरनाक मोड़ पर पहुंच चुकी है।
गौरतलब है कि जनरल असीम मुनीर फिलहाल पाकिस्तान के चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ हैं। सेना का पाकिस्तान की राजनीति में लंबे समय से गहरा दखल रहा है और इतिहास में कई बार सेना ने सिविल सरकार को अपदस्थ कर सत्ता अपने हाथ में ली है। जनरल मुनीर ने हाल ही में कश्मीर पर सख्त बयान दिए थे, जिसके बाद पाकिस्तान में कट्टरपंथी धड़ों ने उनके लिए समर्थन जताना शुरू कर दिया। इसके चलते मौजूदा राजनीतिक नेतृत्व और सेना के बीच मतभेद और गहरा गए हैं।
हालांकि अब तक पाकिस्तान सरकार या सेना की ओर से इस कथित तख्तापलट को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। जानकारों का मानना है कि ऐसी खबरें फिलहाल अटकलों पर आधारित हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान में राजनीतिक अस्थिरता, कमजोर अर्थव्यवस्था और अंदरूनी कलह ने फिर सेना को मजबूत स्थिति में ला दिया है। अगर वाकई तख्तापलट हुआ तो यह इमरान खान सरकार के पतन के बाद देश की राजनीति में एक और बड़ा मोड़ होगा। फिलहाल सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या जनरल मुनीर वाकई राष्ट्रपति की कुर्सी संभालने की तरफ कदम बढ़ाएंगे या यह महज एक अफवाह है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सरकार को लेकर तख्तापलट की चर्चा तेज़ हो गई है। देश के बड़े पत्रकार, संपादक और राजनीतिक विश्लेषक खुलकर कह रहे हैं कि सत्ता के पीछे अदृश्य ताकतें फिर से एक्टिव हो चुकी हैं।
पाकिस्तान में कई लोग मानते हैं कि यहां ‘हाइब्रिड सिस्टम’ की वापसी हो रही है। यानी जनता के वोट से चुनी सरकार सिर्फ दिखावे की होगी, असली कमान सेना और खुफिया एजेंसियों के हाथ में रहेगी। कराची से इस्लामाबाद तक टीवी चैनलों पर यही बहस छाई हुई है कि क्या शहबाज शरीफ की सरकार अपना कार्यकाल पूरा कर पाएगी या फिर कोई बड़ा उलटफेर होगा। जियो न्यूज के सीनियर रिपोर्टर हामिद मीर ने हाल ही में कहा कि सरकार की निर्णय क्षमता को कुछ ताकतें खुलकर चुनौती दे रही हैं। डॉन न्यूज के विश्लेषक जाहिद हुसैन ने लिखा है कि हालात अब स्थिर नहीं, बल्कि और अनिश्चित होते जा रहे हैं। कुछ लोग कह रहे हैं कि यह सिर्फ तख्तापलट नहीं, बल्कि पाकिस्तान की राजनीति में एक नई कहानी गढ़ने की तैयारी है।
इधर सोशल मीडिया और यूट्यूब पर यह खबर तेजी से फैली कि पाक सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर अगले 24 घंटों में तख्तापलट कर सकते हैं और राष्ट्रपति की कुर्सी संभाल सकते हैं। यूट्यूब चैनलों पर दावा है कि मुनीर के करीबी अफसर गुप्त बैठकें कर रहे हैं। इसके बाद इमरान खान की पार्टी PTI के समर्थकों ने सोशल मीडिया पर #RegimeChangeAgain ट्रेंड करवा दिया। PTI नेता शिरीन मजारी ने कहा कि जो सरकार जनता से वोट लेकर नहीं बनी, वो टिकती भी नहीं है।हालांकि गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने इन खबरों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी को हटाने या जनरल मुनीर के राष्ट्रपति बनने की कोई योजना नहीं है। नकवी ने साफ कहा कि झूठ फैलाने वालों के इरादे जाहिर हैं और सरकार-सेना एकजुट हैं।











Discussion about this post