लखनऊ । भतीजे आकाश आनंद और उसके ससुर पर कार्रवाई के बाद बसपा प्रमुख मायावती काफी सक्रिय नजर आ रही हैं। अब उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर हमला बोला है।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने गुरुवार को यूपी की राजधानी लखनऊ में भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यूपी को देश का ग्रोथ इंजन बताने से नहीं थकती। लेकिन, आबादी के लिहाज से देश का सबसे बड़ा राज्य होने के बावजूद यहां के लोगों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं। उनकी दुर्दशा किसी से छिपी नहीं है।
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि केंद्र की तरह उत्तर प्रदेश सरकार के पास भी पैसे की कोई कमी नहीं है। लेकिन, यहां के गरीब लोगों के हित, कल्याण और जीवन में सुधार के लिए इसका सही इस्तेमाल नहीं हो रहा है। यह बेहद चिंता का विषय है। मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मेरे नेतृत्व में चार बार सरकार रही। हमने सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति के ऐतिहासिक सुधार को धरातल पर उतारकर दिखाया। मौजूदा भाजपा सरकार में लोगों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।










Discussion about this post