कैराना। शामली जिले के कैराना कस्बे में मुकीम काला गैंग का खौफ एक बार फिर चरम पर है। सपा शासन में जहां यह गैंग पलायन का कारण बना था, वहीं अब योगी सरकार में गैंग का हिस्ट्रीशीटर गुर्गा इनाम उर्फ धुरी खुलेआम दबंगई कर रहा है।
करीब एक माह पहले ही रंगदारी के मुकदमे में जेल से छूटा हिस्ट्रीशीटर इनाम धुरी लगातार आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहा है। उस पर न तो गैंगस्टर की कार्रवाई हुई और न ही जिला बदर जैसी कोई सख्त कार्यवाही। गुरुवार देर रात कैराना कस्बे के आलकला मोहल्ला वार्ड नंबर 1 में मौजूदा वार्ड सभासद रईस अहमद के घर पर इनाम धुरी ने अपने नकाबपोश साथियों के साथ ताबड़तोड़ फायरिंग की। सभासद ने किसी तरह घर में छिपकर जान बचाई।
पहले भी दे चुका था धमकी करीब चार महीने पहले सभासद रईस अहमद ने इनाम धुरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। तभी से बदमाश मुकदमा वापस लेने की धमकी दे रहा था। गुरुवार रात करीब साढ़े 9 बजे उसने सभासद के बेटे और भतीजे को हथियार दिखाकर धमकाया और फिर करीब साढ़े 12 बजे घर पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने बरामद किए खोखे घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद किए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरा मोहल्ला दहशत में है। वहीं पुलिस की निष्क्रियता और बदमाश पर समय रहते कार्रवाई न होना अब सवालों के घेरे में है।










Discussion about this post