आगरा : ताजमहल के पास उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक कार बिना चालक के सड़क पर दाैड़ती नजर आई। लोगों ने शोर मचाया, लेकिन कार पर इसका कोई असर देखने को नहीं मिला। कार ने छह पर्यटकों को अपनी चपेट में लेकर घायल कर दिया।
आगरा में ताजमहल के पश्चिमी गेट की पार्किंग के पास सोमवार की सुबह बिना चालक वाली कार ने छह पर्यटकों को अपनी चपेट में ले लिया। कार उल्टी दिशा में दौड़ी और पार्किंग के पास चाय पी रहे पर्यटकों से जा टकराई। इससे चीखपुकार और अफरातफरी मच गई। किसी तरह कार को रोका गया। कार चालक हैंड ब्रेक लगाकर नहीं गया था। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना सुबह करीब 10 बजे की है। ताजमहल की पश्चिमी गेट पार्किंग के पास असम से आए 27 सदस्यीय दल के लोग चाय की दुकान पर चुस्कियां ले रहे थे। इसी दरम्यान दिल्ली के नंबर की एक कार तेज गति से उल्टी दिशा में दौड़ती हुई आई और छह पर्यटकों को चपेट में ले लिया। इससे चीखपुकार और भगदड़ मच गई। अन्य पर्यटक चाय छोड़कर भागने लगे। लेकिन तब तक असम के पर्यटक भानु डे, देव, बुद्ध देव, जयंती देव, शर्मिला नाथ, मुक्ति धर घायल हो गए।
इनमें से दो के पैर में फ्रेक्चर हुआ है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दो की हालत गंभीर बताई गई है। एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद ने बताया कि हादसा कार में हैंड ब्रेक लॉक नहीं होने के कारण हुआ। घायलों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। कार्रवाई की जा रही है।
बिना चालक वाली कार करीब 200 मीटर तक उल्टी दिशा में दौड़ती रही। इसके बाद चाय की दुकान पर टकराने के बाद रुक गई। पुलिस ने बताया कि चालक ने कार को खड़ी करने के बाद हैंडब्रेक नहीं लगाए थे। कुछ ढलान होने के कारण कार तेजी से उल्टी दिशा में दौड़ पड़ी। सुरक्षाकर्मियों ने भी चिल्लाया कि कार को रोको..रोको मगर उसमें ड्राइवर ही नहीं था। घटना का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें कार उल्टी दिशा में बिना चालक के दौड़ती हुई नजर आ रही है।











Discussion about this post