लखनऊ : यूपी में अगले पांच दिन गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक उछाल आने के संकेत हैं। इसके बाद मानसून की दस्तक से फिर फुहारें पड़ेंगी। तब गर्मी से राहत मिल सकेगी।
उत्तर प्रदेश में जारी राहत भरे सुहाने मौसम में अगले कुछ दिनों के लिए बदलाव की आहट है। पछुआ हवाओं के जोर से प्रदेश में अगले पांच दिनों के लिए गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है। इसके बाद हवा का रुख पूर्वा होगा और पूर्वांचल से शुरू होकर प्रदेश में दोबारा बूंदाबांदी का दौर देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार को तराई और कुछ पश्चिमी हिस्सों में तेज हवाओं संग छिटपुट बूंदाबांदी के बाद शुक्रवार से अगले पांच दिनों तक तापमान में क्रमशः बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
इन जिलों में गरज चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना
बृहस्पतिवार को सुबह प्रदेश के हरदोई, शाहजहांपुर सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बांदा, चित्रकूट, सोनभद्र, बलिया, रायबरेली, अमेठी आदि इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलीं। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार से शुक्रवार सुबह के दौरान प्रदेश के तराई हिस्सों में गरज चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार से प्रदेश में बूंदाबांदी के मद्धिम होते ही तापमान और गर्मी का बढ़ना शुरू होगा। इसके बाद गर्म और शुष्क पछुआ हवाओं के असर से अगले पांच दिनों में प्रदेश के तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी के संकेत हैं।










Discussion about this post