शाहजहांपुर : मेरठ में एक किसान के घर में निकले सांपों के झुंड की चर्चा अभी खत्म भी नहीं हुई थी कि अब यूपी के शाहजहांपुर जिले से भी कुछ इसी तरह का नजारा देखने को मिल गया। यहां एक घर के अंदर से सैकड़ों की संख्या में सांपों का झुंड देखने को मिला। ये सांप उस समय नजर आए जब मकान मालिक घर की सफाई कर रहा था। मकान मालिक ने जैसे ही ड्रम हटाया तो सांपों की संख्या देखकर होश उड़ गए। ड्रम के नीचे बने एक गड्ढे में सैकड़ों की संख्या में सांपों का जखीरा मौजूद था, जो देखते ही देखते पूरे घर में फैलने लगे। इतनी बड़ी संख्या में निकले सांपों का वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
थाना जलालाबाद क्षेत्र के गांव मुडिया कला में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक घर से बड़ी संख्या में सांप निकल आए। लोग अपने घरों के दरवाजे बंद करने लगे और बच्चों को बाहर निकलने से रोक दिया गया। तुरंत ही सपेरे को बुलाया गया, जिसने कई घंटे की मशक्कत के बाद एक-एक कर सभी सांपों को पकड़ा। बताया जा रहा है कि सभी सांप जहरीले प्रजाति के थे। सपेरे की मानें तो यह सांप लंबे समय से घर के नीचे बने गड्ढे में रह रहे होंगे। घर के आसपास अभी और सांपों के होने की आशंका के चलते लोग डरे हुए हैं। मकान मालिक सरवन कुमार ने बताया कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि उनके ही घर में इतनी बड़ी संख्या में सांप छिपे होंगे। पकड़े गए सांपों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया है। गांव में अब भी दहशत का माहौल बना हुआ है।
तीन दिन पहले मेरठ जिले के समौली गांव में एक किसान के घेर से एक के बाद एक लगभग 50 सांप निकले थे। इतनी संख्या में सांपों को देखकर परिवार में दहशत फैल गई थी। किसान ने परिजनों के साथ मिलकर किसी तरह कई सांपों को मारकर उन्हें जमीन में दबा दिया, लेकिन देर रात तक सांपों के निकलने का सिलसिला जारी था। समौली निवासी किसान ने बताया था कि रविवार को वह अपने घेर में काम कर रहा था। इस दौरान उसने घेर में एक सांप देखा। सांप लगभग एक से डेढ़ फीट का था। उसने इसे मार दिया। इसके बाद देखते ही देखते एक के बाद एक सांप निकलने शुरू हो गए। वह भी परिजनों के साथ मिलकर लगातार सांपों को मारने लगा। सांप निकलने की सूचना पूरे गांव में फैल गई और तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने सांपों के निकलने की जगह की तलाश की तो किसान के दरवाजे के रैंप से सांप निकल रहे थे। रात करीब नौ बजे तक घेर में 52 सांप निकल चुके थे, जिन्हें मारकर गड्ढे में दबा चुके थे। परिवार ने इस घटना की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को भी नहीं दी। सांप निकलने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा।











Discussion about this post