बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं के उसावां थाना क्षेत्र में शादी के बाद दुल्हन सुहागरात वाली रात ही नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गई। दूल्हा और उसके ससुराल वाले सोते रह गए। सुबह जब वे जागे तो दुल्हन को घर पर न पाकर आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
उसावां थाना क्षेत्र में गांव सौंधामई निवासी रणवीर की शादी शनिवार को वाराणसी की युवती से शादी हुई थी। इसके बाद दुल्हन विदा होकर घर आई। रणवीर का आरोप है कि सुहागरात पर वह और उसके परिजन गहरी नींद में सो गए। इसी बीच नवविवाहिता 65 हजार रुपये की नकदी और जेवरात लेकर घर से चली गई।
रणवीर ने बताया कि शादी के लिए वह लड़की ढूंढ रहे थे। इसी बीच दो रिश्तेदारों से उनकी मुलाकात हुई। उन्होंने वाराणसी की युवती से शादी कराने की बात कहते हुए 80 हजार रुपये की मांग की। इस पर रणवीर ने हां कर दी और लड़की दिखाई की रस्म हुई। इसके बाद बीते शनिवार को दोनों की शादी करा दी गई। घर में खुशी का माहौल था।
विदा होकर ससुराल आई दुल्हन का स्वागत किया गया। रात में खाना खाने के बाद रणवीर समेत परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो गए। रात में किसी वक्त दुल्हन 65 हजार रुपये और लगभग दो लाख रुपये के जेवरात लेकर चली गई। सुबह सब लोग जागे तो घर में दुल्हन नहीं थी। कमरे से नकदी और जेवर भी गायब थे। इससे परिजनों के होश उड़ गए।
रणवीर और उसके परिजनों ने दुल्हन की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। उसावां थानाध्यक्ष वीरपाल सिंह तोमर ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।











Discussion about this post