बरेली : बरेली के क्योलड़िया क्षेत्र में आई बरात में दूल्हे के जीजा ने बवाल किया था। इससे नाराज दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों में समझौता हो गया। वहीं आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बरेली के क्लोलड़िया थाना क्षेत्र में आई बरात में डांस के दौरान हुई मारपीट के बाद दूल्हे के जीजा ने फायरिंग कर दहशत फैला दी थी। इससे नाराज दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। उसके भाई के दोस्त ने दूल्हे के जीजा समेत आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। वहीं, बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों के बीच हुई पंचायत में समझौता हो गया। दूल्हा दुल्हन को विदा कराए बिना ही अपने घर चला गया।
क्योलड़िया थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का रिश्ता थाना बीसलपुर क्षेत्र के गांव गोबल निवासी सत्यवीर के साथ तय हुआ था। दूल्हा आठ जुलाई को बैंड-बाजे के साथ बरात लेकर दुल्हन के गांव पहुंचा। जयमाल के बाद दूल्हा और दूल्हन अपने परिजनों के साथ डीजे पर डांस कर रहे थे। दुल्हन पक्ष के लोग बरातियों के स्वागत सत्कार में लगे थे।
इसी बीच दूल्हा का बहनोई ज्ञानी उर्फ ज्ञान प्रकाश निवासी अमरा कासिमपुर जनपद पीलीभीत डीजे पर पहुंचकर दुल्हन व अन्य युवतियों पर रुपये उड़ाने लगा। वह शराब के नशे में था। उसकी हरकत से नाराज दुल्हन के भाई ने विरोध किया तो ज्ञानी ने अपने सात-आठ अज्ञात साथियों के साथ मारपीट शुरू दी। जिससे दुल्हन के भाई, मां समेत चार लोग घायल हो गए। बाद में दबंगों ने बरात में तमंचे से फायरिंग कर दहशत फैला दी।
आरोपियों ने लड़की पक्ष के लोगों को जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच शादी में बधाई का नेग लेने पहुंचे किन्नरों के साथ भी मारपीट कर उनकी गाड़ी तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। घटना की रिपोर्ट दुल्हन के भाई के दोस्त ने आरोपी ज्ञानी समेत सात-आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना क्योलड़िया में दर्ज कराई। बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। जिसमें दूल्हा पक्ष दुल्हन पक्ष को चार लाख रूपये देने पर सहमति बनी है। इसके बाद दूल्हा व उसके परिजन चले गए।











Discussion about this post