गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियबाद जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में घर के बाहर सीढ़ियों पर एक महिला, बुजुर्ग महिला को घसीट-घसीट कर पीटते हुए नजर आ रही है. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका सीसीटीवी फुटेज वायरल है और लोग इसकी चर्चा कर रहे हैं. आपको जानकार इस बात की हैरानी होगी कि जिस महिला की पिटाई हो रही है वह कोई और नहीं बल्कि सास है और जो महिला पीट रही है वो बहू है.
बता दें कि यह मामला गाजियाबाद के गोविंदपुरम का है. आरोप है कि बहू आकांक्षा ने अपनी मां के साथ मिलकर सास सुदेश देवी की पिटाई कर दी. बताया जा रहा है कि बहू आकांक्षा पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर है. यह घटना 1 जुलाई की बताई जा रही है. जब आकांक्षा और उसकी मां ने सास को दौड़ा-दौड़ा कर और गिरा-गिराकर मारा. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सास सुदेश देवी खुद को बचाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन बहू और उसकी मां लगातार हमला करती रहीं.
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद वह कई दिनों तक पुलिस के चक्कर काटती रहीं, लेकिन कोई FIR दर्ज नहीं की गई. बताया जा रहा है कि आकांक्षा के पिता दिल्ली पुलिस में दरोगा हैं, जिसके चलते स्थानीय पुलिस पर दबाव बना और केस को नजरअंदाज किया गया. हालांकि, जब सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ और मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना, तब जाकर पुलिस हरकत में आई. अब गोविंदपुरम थाने में आकांक्षा और उसकी मां के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. पुलिस ने अब इस मामले में एफआईआर दर्ज कर दी है.











Discussion about this post