नई दिल्ली. आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली इंडिया अंडर 19 टीम ने इंग्लैंड की युवा टीम को उस मैदान पर हराया है जहां इससे पहले टीम इंडिया को कभी जीत नसीब नहीं हुई थी. वैभव सूर्यवंशी की ताबड़तोड़ बैटिंग के दम पर भारत ने 175 रन के लक्ष्य को बौना साबित करते हुए उसे 24 ओवर में हासिल कर लिया. होव के काउंटी क्रिकेट ग्राउंड पर भारत की ओर से सीनियर या जूनियर किसी भी स्तर पर यह पहली जीत है.
इससे पहले भारतीय टीम ने यहां एकमात्र मैच खेला था जिसमें उसे हार मिली थी. मोहम्मद अजहरुद्दीन की कप्तानी में भारत ने 26 साल पहले वो मैच खेला था जहां साउथ अफ्रीका ने भारत को हराया था.उसके बाद टीम इंडिया ने वहां मैच नहीं खेला था. 1999 वनडे विश्व कप के दौरान भारतीय टीम वहां मैच खेली थी जिसमें सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ जैसे धुरंधर खिलाड़ी मौजूद थे.
होव में खेले गए वर्ल्ड कप के उस मैच में साउथ अफ्रीका ने भारत को 4 विकेट से हराया था. लेकिन लंबे समय से चले इस वेन्यू पर हार के मिथक को भारत की यंगिस्तान ने तोड़ दिया. वैभव ने इस मैच में गजब की पारी खेली. उन्होंने आईपीएल वाली शानदार फॉर्म को पहले वनडे में भी बरकार रखी. भारत के गेंदबाजों के बाद बल्लेबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया. गेंदबाजी में कनिष्क चौहान ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 20 रन देकर 3 विकेट चटकाए वहीं मोहम्मद एनान, हेनिल पटेल और आरएस अंबरीश ने दो दो विकेट लिए.
इंग्लैंड की ओर से टी20 विश्व कप में युवराज सिंह को गला काटने की धमकी देने वाले एंड्रयू फ्लिंटॉफ के बेटे रॉकी फ्लिंटॉफ ने 56 रन की पारी खेली. लेकिन रॉकी का अर्धशतक टीम के काम नहीं आ सका. इंग्लैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 42.2 ओवर में 174 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने सूर्यवंशी और म्हात्रे की बदौलत धमाकेदार शुरुआत की. दोनों ने शुरुआती 7 ओवर में बिना किसी नुकसान के 71 रन बना लिए. लेकिन इनके आउट होने के बाद उप कप्तान अभिज्ञान कुंडू ने नाबाद 45 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया. भारत ने यह मैच महज 24 ओवर में जीत लिया और पांच मैच की सीरीज में बढ़त बना ली. सीरीज का दूसरा वनडे 30 जून को खेला जाएगा.
इस सीरीज से पहले भारत को इंग्लैंड लॉयंस के खिलाफ 50 ओवर का एक प्रैक्टिस मैच खेलने का मौका मिला. इंडिया अंडर 19 टीम ने इस मैच में मेजबानों को 231 रन से हरा दिया. भारतीय टीम ने अपनी पारी में 26 छक्के लगाए थे. भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 444 रन बनाए. जवाब में इंग्लैंड की अंडर 19 टीम 211 रन ही जुटा सकी.
5 मैचों की सीरीज का दूसरा वनडे मैच 30 जून को नॉर्थैम्पटन में खेला जाएगा. तीसरा वनडे मैच दो जुलाई नॉर्थैम्पटन में जबकि चौथा पांच जुलाई वॉर्सेस्टर वहीं सीरीज पांचवां और आखिरी वनडे 7 जुलाई को वार्सेस्टर में होगा. 12-जुलाई को पहला मल्टी डे मैच खेला जाएगा वहीं 20 जुलाई से दूसरा मल्टी डे मैच केम्सफोर्ड में खेला जाएगा.
टॉप वीडियो











Discussion about this post