लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने बुधवार को फतेहचंद चैरिटेबल ट्रस्ट, मुजफ्फरनगर को निजी क्षेत्र में प्रस्तावित वेदांत विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु आशय पत्र सौंपा। इस विश्वविद्यालय की स्थापना से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि अब उन्हें उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि इस विश्वविद्यालय से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार होगा। विश्वविद्यालय की स्थापना उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 के अंतर्गत होगी। इसके लिए प्रायोजक संस्था को तय शर्तें पूरी करनी होंगी। इनमें न्यूनतम पाँच करोड़ रुपये की स्थायी विन्यास निधि, नगरीय क्षेत्र में 20 एकड़ अथवा ग्रामीण क्षेत्र में 50 एकड़ भूमि, कम से कम 24,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल का भवन निर्माण तथा प्रारंभिक स्तर पर 2 करोड़ और अगले पाँच वर्षों में 6 करोड़ रुपये की अवसंरचना उपलब्ध कराना शामिल है।
यह विश्वविद्यालय ग्राम हुसैनपुर बोपाड़ा, मुजफ्फरनगर में स्थापित किया जाएगा। राजधानी लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि योगी सरकार लगातार अधिक से अधिक उच्च शिक्षण संस्थानों की स्थापना पर जोर दे रही है ताकि प्रदेश के युवाओं को बेहतर शिक्षा के अवसर यहीं पर उपलब्ध हों।










Discussion about this post