जानसठ। तहसील क्षेत्र के गांव जड़वड़ में स्थित महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज की भूमि पर ग्राम सचिवालय का निर्माण कराया जा रहा था, जिसे एसडीएम ने रुकवा दिया है और बीडीओ जानसठ को जांच के आदेश दिए हैं।
शुक्रवार को ग्राम जड़वाड़ निवासी ब्रह्म सिंह पुत्र खजान सिंह ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम प्रधान जड़वाड़ द्वारा ग्राम सचिवालय द्वारा आवंटित धनराशि से ग्राम जड़वाड़ में महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज की भूमि पर सचिवालय का निर्माण कराया जा रहा है, जो कि शासन के सभी नियमों एवं आदेशों के विरुद्ध है।
ग्राम पंचायत सचिवालय ग्राम सभा की सम्पत्ति में ही बनाया जा सकता है तथा सरकार का यह भी नियम व कानून है कि ग्राम पंचायत को आवंटित धनराशि को किसी भी प्रकार की संस्था या निजी निर्माण में नही लगाया जा सकता। ग्राम पंचायत सरकार द्वारा आवंटित पैसो से ग्राम सभा की सरकारी भूमि पर ही किसी भी प्रकार का निर्माण कर सकती है।
अन्य किसी भी प्रकार की भूमि या संस्था पर पैसो का उपयोग नही किया जा सकता है, नियम विरूद्ध तरीके से ग्राम पंचायत सचिवालय एक संस्थागत स्कूल की भूमि पर बनाया जा रहा है तथा शिक्षा विभाग से किसी भी प्रकार की कोई अनुमति प्रदान भी नहीं की गयी है, शिकायतकर्ता ने ग्राम सचिवालय के निर्माण को बन्द कराने की मांग की। एसडीएम ने गांव सचिवालय निर्माण पर रोक लगाते हुए बीडीओ जानसठ को जांच के आदेश दिए हैं।










Discussion about this post