मुजफ्फरनगर। जनपद के हृदय स्थल कहे जाने वाले थाना कोतवाली क्षेत्र की एसडी मार्केट (SD Market) शुक्रवार देर रात रणक्षेत्र में तब्दील हो गई। पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। सरेआम हुई इस चाकूबाजी में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बाजार में फैला दहशत का माहौल-
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना उग्र था कि हमलावरों ने सरेराह धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया। खूनी संघर्ष देख बाजार में खरीदारी कर रहे लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई और भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। दहशत के कारण आसपास के दुकानदारों ने तुरंत अपने शटर गिरा दिए। इस हिंसा में राजा वर्मा, किटू वर्मा और शिवा नामक युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, हायर सेंटर रेफर-
वारदात की सूचना मिलते ही सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रण में लिया और खून से लथपथ तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
पुरानी रंजिश बनी विवाद की जड़-
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। शुक्रवार रात उसी खुन्नस में फिर से विवाद भड़क उठा। फिलहाल मार्केट में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पीएसी और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस-
सीओ सिटी ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना में शामिल अन्य चेहरों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलते ही सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सरेआम हुई इस वारदात ने शहर की व्यस्ततम मार्केट में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।











Discussion about this post