लखनऊ। मौसम विभाग ने अगले 3 घंटों के भीतर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, बिजनौर, बागपत, उन्नाव, कानपुर नगर, कन्नौज और हरदोई जैसे जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। विशेषकर खुले स्थानों पर न रहने, पेड़ों और पुराने भवनों से दूर रहने तथा बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई है। किसानों और बाहर काम कर रहे मजदूरों को भी सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।
यह मौसमीय गतिविधि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने मौसमी दबाव के चलते हो रही है। विभाग ने यह भी कहा है कि आने वाले घंटों में मौसम और भी खराब हो सकता है, इसलिए स्थानीय प्रशासन भी सतर्कता बनाए रखे।










Discussion about this post