मोरना। पहाड़ी क्षेत्र में हो रही बारिश के कारण सोलानी नदी का पानी मजलिसपुर तौफीर, खैरनगर, महाराजनगर, सिताबपुरी के जंगलों में फैल रहा है। आबादी वाले इलाकों में भी पानी घुसने की आशंका है।
मोरना ब्लॉक क्षेत्र में बहने वाली गंगा व सोलानी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। उत्तराखंड की ओर से भारी मात्रा में आ रहे जल के चलते नदियों का बहाव तेज हो गया है। नदियों का पानी किनारों से बाहर खेतों में घुस गया है, जिससे ग्रामीणों की सैंकड़ों बीघा फसलों में पानी भर गया है।
मजलिसपुर तौफीर निवासी कुलदीप कुमार ने बताया कि सोलानी नदी का पानी गांव के नजदीक आ गया है। पानी के बस्ती में घुसने की आशंका है। गंगा नदी के पानी ने शुकतीर्थ खादर क्षेत्र व बिहारगढ़ के जंगलों में अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बिहारगढ़ के ग्रामीणों ने बाढ़ की आशंका जताते हए। निचले स्थानों पर जाना बंद कर दिया है।
पहाड़ों पर हो रही बारिश के कारण गंगा बैराज का जल स्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर पहुंच गया था, जिस कारण प्रशासन ने खादर क्षेत्र की सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया था। गंगा का जल स्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर जाने के कारण खादर क्षेत्र के किसानों को बाढ़ की आशंका सताने लगी थी।
मंगलवार को गंगा बैराज का जल स्तर घटने से खादर क्षेत्र के किसानों ने राहत की सांस ली है। मंगलवार को गंगा के डाउन नदी का जल स्तर चेतावनी बिंदु से घटकर 219.50 मीटर पर पहुंच गया है और डाउन में नदी का निस्सारण 55 हजार क्यूसेक पर है। हरिद्वार बैराज से गंगा बैराज नदी में 66860 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है










Discussion about this post