शामली। शुक्रवार को नौकू रोड पर गैस पाइपलाइन के लिए खुदाई करते समय मुख्य पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे पूरे शहर में जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। इससे हजारों लोगों को दिनभर पानी के लिए खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आईजीएल गैस कंपनी द्वारा बिना अनुमति के पाइप लाइन डालने का कार्य किया जा रहा था। खुदाई के दौरान मशीन से पानी की बड़ी लाइन टूट गई, जिससे हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह गया। जल आपूर्ति बाधित होते ही नगर पालिका के करीब 45 ट्यूबवेलों को बंद करना पड़ा।
नगर पालिका चेयरमैन अरविन्द संगल और अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी मौके पर पहुंचे। चेयरमैन ने बिना अनुमति कार्य कर रही कंपनी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की घोषणा की। साथ ही, गैस पाइप लाइन खुदाई में प्रयोग हो रही मशीन को सीज कर दिया गया।
पाइप लाइन की मरम्मत कार्य में कर्मचारियों को दिनभर मशक्कत करनी पड़ी। शाम तक लाइन की मरम्मत का काम जारी रहा, लेकिन इस दौरान आमजन को टैंकर और अन्य साधनों से पानी जुटाना पड़ा।
“आईजीएल गैस कंपनी को बिना किसी अनुमति कार्य करने के लिए नोटिस जारी किया जाएगा। ठेकेदार पर एफआईआर कराई जाएगी। पालिका को कंपनी के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी हैं।”











Discussion about this post