मेरठ। जिले के सभी राशन कार्ड धारकों को 31 अगस्त 2025 से पहले अपने परिवार के सभी सदस्यों और यूनिटों का ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। यह जानकारी देते हुए जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि जिन लाभार्थियों का ई-केवाईसी अभी तक नहीं हुआ है, उनके राशन का वितरण अगले तीन माह के लिए स्थगित कर दिया गया है।
ई-केवाईसी से छूट केवल 0 से 5 वर्ष के बच्चों को दी गई है। बाकियों को अपने विक्रेता (डीलर) के पास जाकर आधार कार्ड और राशन कार्ड के साथ ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। जिन लोगों की ई-केवाईसी पूरी नहीं होगी, उनकी यूनिट भविष्य में राशन कार्ड से हटाई जा सकती है।
जिन लाभार्थियों की ई-केवाईसी अधूरी है, उन्हें पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS के माध्यम से रिमाइंडर भेजा जाएगा। यदि तीन माह के भीतर भी ई-केवाईसी नहीं कराई जाती है, तो राशन कार्ड से उस यूनिट को हटा दिया जाएगा और लाभार्थी आगे खाद्यान्न पाने के हकदार नहीं रहेंगे।
जिन नए सदस्यों को राशन कार्ड में जोड़ा गया है या नए राशन कार्ड बनाए गए हैं, उनमें खाद्यान्न प्राप्त करने से पहले ई-केवाईसी कराना अनिवार्य होगा।
यदि किसी सदस्य का आधार कार्ड अपडेट नहीं है या उसमें त्रुटि है, तो पहले निकटतम आधार सेवा केंद्र जाकर आधार अपडेट कराएं और फिर विक्रेता के यहां जाकर ई-केवाईसी पूरा करें।
जिले के सभी राशन कार्ड धारकों से अनुरोध है कि 31 अगस्त 2025 से पहले अपने विक्रेता के पास जाकर ई-केवाईसी अवश्य कराएं, ताकि आपको भविष्य में खाद्यान्न वितरण में कोई बाधा न आए और आपकी यूनिट भी सुरक्षित बनी रहे।











Discussion about this post