जानसठ। कस्बे की प्रेम विहार कॉलोनी में रविवार को अज्ञात चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया और ताले तोड़कर नकदी व जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित ने लाखों रुपए की चोरी की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, अंशुल पुत्र मथन सिंह, निवासी गांव ढांसरी थाना ककरौली, पिछले कुछ वर्षों से जानसठ कस्बे के पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर काले गेट के सामने प्रेम विहार कॉलोनी में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार को उनकी पत्नी अपने रिश्तेदार को देखने दिल्ली अस्पताल गई थी, और शनिवार शाम को वे खुद भी घर में ताला लगाकर गांव ढांसरी चले गए थे।
रविवार सुबह जब अंशुल वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि उनके घर का मुख्य गेट टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो कमरे का सामान बिखरा हुआ था और अलमारी के लॉक भी टूटे हुए थे। अलमारी में रखे 64 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात गायब थे।
अंशुल ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि अंशुल के मकान के पीछे स्थित जटवाड़ा गांव निवासी दीपक कुमार पुत्र लाल सिंह सैनी के मकान से भी चोर सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर चुरा ले गए हैं। पुलिस ने आस-पास के मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले हैं।
पीड़ित परिवार ने कुल मिलाकर लाखों रुपये के नुकसान की बात कही है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और चोरों की तलाश जारी है।










Discussion about this post