मुजफ्फरनगर। श्रावण मास-2025 की कांवड़ यात्रा 11 जुलाई से शुरू हो रही है। इस दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर मुजफ्फरनगर जिले से होकर विभिन्न स्थानों पर जलाभिषेक के लिए जाते हैं। कांवड़ यात्रा में डीजे की भागीदारी भी हर वर्ष देखी जाती है, लेकिन कई बार कुछ डीजे निर्धारित मानकों के विरुद्ध ओवरसाइज्ड होते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है।
पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने जानकारी देते हुए बताया कि ओवरसाइज्ड डीजे के कारण आमजन और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा न केवल जिले से बल्कि आसपास के जनपदों से आने वाले ओवरसाइज्ड डीजे संचालकों को भी नोटिस भेजे गए हैं।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि डीजे की ऊंचाई और चौड़ाई निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होनी चाहिए। किसी भी स्थिति में मानक से बड़े आकार के डीजे को कांवड़ यात्रा में अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस ने जनता और डीजे संचालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी नियमों का पालन करें और धार्मिक यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न होने में सहायता करें।
“श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा हमारी प्राथमिकता है। ओवरसाइज्ड डीजे के प्रयोग से जहां ट्रैफिक बाधित होता है, वहीं दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है। सभी से अपील है कि तय मानकों का पालन करें, जिससे कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न हो सके।”










Discussion about this post