लखनऊ : महाशिवरात्रि के बाद में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 27 फरवरी के बाद पश्चिमी और पूर्वी यूपी में हल्की बारिश की संभावना है। इस बारिश से ठंड कुछ कम हो सकती है। मौसम विभाग ने गुरुवार 26 फरवरी से अगले 72 घंटे के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इस दौरान गरज के साथ बिजली गिरने का भी अनुमान जताया गया है। इसके चलते प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों मंडलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 26 फरवरी को मौसम पूरी तरह साफ रहेगा और प्रदेश के दोनों हिस्सों में शुष्क मौसम की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि अगले दिन यानी 27 फरवरी से मौसम बदल सकता है। इस दिन से बारिश शुरू होने की संभावना है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं इस दिन पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में बारिश के साथ आंधी और बौछारें देखने को मिल सकती हैं। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी संभावना है।
इसी तरह एक मार्च को प्रदेश में बारिश के आसार हैं और इसके साथ ही आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इसके बाद दो और तीन मार्च को मौसम साफ रहेगा और पूरे प्रदेश में शुष्क मौसम की स्थिति बनने की संभावना है।
अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फरवरी के अंत और मार्च की शुरुआत में सहारनपुर से गोरखपुर तक बारिश का यह दौर प्रभावी रहेगा। अगले चार दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इस बदलाव से मौसम में नमी बढ़ेगी और ठंड से मामूली राहत मिल सकती है।










Discussion about this post