मेरठ। कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, लेकिन इसके बावजूद रविवार आधी रात को सड़क पर महिला कांस्टेबल के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना मेरठ छावनी क्षेत्र की है, जहां बारिश से बचने को खड़ी महिला पुलिसकर्मी के साथ एक बाइक सवार ने अश्लील हरकतें कीं।
कंकरखेड़ा थाने में तैनात महिला कांस्टेबल रविवार की रात ड्यूटी से स्कूटी पर घर लौट रही थी। 510 आर्मी बेस वर्कशॉप के पास अचानक तेज बारिश शुरू होने पर वह एक तरफ रुक गई। तभी वहां मौजूद एक बाइक सवार युवक ने उसका पीछा किया और पास आकर छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब महिला कांस्टेबल ने विरोध किया, तो युवक अभद्र भाषा बोलने लगा और जोर-जबरदस्ती की कोशिश करने लगा।
घटना के दौरान महिला कांस्टेबल की चीख सुनकर वहां से गुजर रही एक कार रुकी। कार सवारों को आता देख आरोपी तुरंत मौके से भाग निकला। महिला कांस्टेबल घबराई हुई थी और उसने कार सवारों से मदद मांगी। कार सवार युवक उसे बेगमपुल स्थित आबूलेन पुलिस चौकी तक सुरक्षित छोड़ आए।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सिविल लाइन आबूलेन पुलिस चौकी पहुंचे और पीड़ित महिला कांस्टेबल से बातचीत की। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आरोपी कौन था और उसकी पहचान हुई या नहीं।
घटना स्थल मेरठ कैंट क्षेत्र का वह इलाका है, जिसे कांवड़ यात्रा को लेकर सर्वाधिक सुरक्षित माना जा रहा है। यहां चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है, बावजूद इसके महिला पुलिसकर्मी से इस तरह की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रहा है।
चर्चा है कि आरोपी ने कांस्टेबल को स्कूटी से खींचने की कोशिश भी की थी। इस पूरी घटना ने न सिर्फ मेरठ पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है, बल्कि यह भी दिखाया कि बदमाशों में पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है। अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिससे महिला सुरक्षा को लेकर चिंता और गहरी हो गई है।










Discussion about this post