मुजफ्फरनगर। बारिश के बाद शहर में जलभराव और अव्यवस्था को लेकर जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप लगातार क्षेत्र में सक्रिय हो गई हैं। उन्होंने रामपुरी और रामलीला टीला क्षेत्रों के वार्ड 9 और 12 का वृहद निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद नागरिकों से जनसंवाद कर समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने निर्माण और सफाई कार्यों में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के संकेत भी दिए।
पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के साथ वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप, अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय शाही, संबंधित वार्ड सभासद और अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान मीनाक्षी स्वरूप ने सीसी सड़क और नाली निर्माण की गुणवत्ता को लेकर ठेकेदार को फटकार लगाई और एई निर्माण नैपाल सिंह को मौके पर जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानक से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि निर्माण गुणवत्ता खराब पाई गई, तो भुगतान में कटौती के साथ ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
वार्ड 9 में सफाई न होने की शिकायत मिलने पर सफाई नायक को भी तलब किया गया। 12 सफाईकर्मियों की तैनाती के बावजूद गंदगी मिलने पर मीनाक्षी स्वरूप ने सख्त चेतावनी दी और नगर स्वास्थ्य अधिकारी को नियमित मॉनीटरिंग के निर्देश दिए। स्थानीय नागरिकों ने रामलीला टीला से लद्दावाला तक जाने वाले मुख्य नाले की सफाई की मांग उठाई। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए एई जल विभाग सुनील कुमार को नाले की तत्काल सफाई शुरू करने और रिपोर्ट देने को कहा गया। उन्होंने कहा कि नाले की तलीझाड़ सफाई से जलभराव की समस्या काफी हद तक हल हो सकती है।
जनसुविधा के दृष्टिकोण से रामलीला टीला पर नियमित व्यायाम के लिए आने वालों के लिए ओपन जिम और सार्वजनिक शौचालय के निर्माण के निर्देश भी दिए गए। इस पर जेई कपिल कुमार ने बताया कि ओपन जिम का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है और जल्द ही कार्य प्रारंभ होगा।
निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता सुनील दर्शन, सुधीर खटीक, कंवरपाल, राधे वर्मा, सभासद मनोज वर्मा, राजीव शर्मा सहित पालिका के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि जनता की समस्याओं का तकनीकी व स्थायी समाधान प्राथमिकता है और इसके लिए वे स्वयं फील्ड में रहकर निगरानी कर रही हैं।










Discussion about this post