मुजफ्फरनगर। जिले में भारी बारिश का कहर जारी है और इससे हुए हादसों के जख्म अभी भी ताजा हैं। चरथावल थाना क्षेत्र के गांव रोनी हरजीपुर में करीब पांच दिन पहले बारिश के दौरान मकान की छत गिरने से घायल हुई महिला मनसा देवी की उपचार के दौरान मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। अनुज पुत्र स्वर्गीय रमेश पंवार का मकान 02 सितम्बर की रात भारी बारिश के दौरान अचानक ढह गया था। हादसे के समय पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था। मलबे में दबने से अनुज, उसकी पत्नी मनसा देवी और उनके दो बच्चे आर्यन व हर्षित गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद सभी को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया और गंभीर स्थिति के कारण मनसा देवी को मेरठ मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती कराया गया।
शनिवार देर रात मनसा देवी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद भाकियू नेता विकास शर्मा परिजनों के साथ मेरठ पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम करवा कर दोपहर में अंतिम संस्कार कराया। विकास शर्मा ने बताया कि मकान गिरने से दो पशुओं की भी मौत हुई थी और घर का सारा सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया।
भाकियू नेता ने जिलाधिकारी से पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा देने की मांग की और प्रशासन की लापरवाही पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कई ग्रामीण क्षेत्रों में घर गिर चुके हैं, लोग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं, लेकिन पांच दिन बीत जाने के बावजूद तहसील से कोई सर्वे टीम गांव में नहीं पहुंची। फिलहाल, ग्रामीण अपने स्तर पर पीड़ित परिवार की मदद कर रहे हैं।










Discussion about this post