मुजफ्फरनगर। पंजाब और अन्य राज्यों में बाढ़ संकट के बीच राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने प्रभावित परिवारों की मदद के लिए एक सराहनीय पहल की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के आह्वान पर रालोद के सभी सांसद और विधायक बाढ़ पीड़ितों के लिए अपना एक महीने का वेतन दान कर रहे हैं।
इस कड़ी में, युवा विंग के अध्यक्ष और बिजनौर से सांसद चंदन सिंह चौहान ने अपना मासिक वेतन पार्टी को समर्पित कर इस अभियान की शुरुआत की है। मेरठ में एक कार्यक्रम के दौरान पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी ने घोषणा की थी कि बाढ़ के इस संकट में रालोद पूरी तरह से पंजाब और अन्य प्रभावित राज्यों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधि अपना मासिक वेतन बाढ़ राहत कोष में देंगे। इस घोषणा पर अमल करते हुए, सांसद चंदन चौहान ने 2.30 लाख रुपये का चेक जयंत चौधरी को सौंपा। यह राशि जल्द ही पंजाब में राहत कार्यों के लिए भेजी जाएगी।
इस अवसर पर सांसद चंदन चौहान ने कहा कि जब जनता आपदा में हो, तो जनप्रतिनिधियों का यह कर्तव्य है कि वे हर संभव सहयोग करें। उन्होंने पंजाब के भयावह हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बाढ़ ने हजारों घर तबाह कर दिए हैं, खेतों की फसलें नष्ट हो गई हैं और लाखों लोग बेघर होकर राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की दयनीय स्थिति पर दुख जताया और प्रभावित लोगों के जल्द ही इस कठिनाई से उबरने की प्रार्थना की।
चौहान ने पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी के इस निर्णय को सराहनीय बताते हुए कहा कि पीड़ा और संकट के इस समय में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में राष्ट्रीय लोकदल के तीन सांसद और दस विधायक हैं। ये सभी अपना एक महीने का वेतन पार्टी फंड में जमा करा रहे हैं, जिसे बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए भेजा जाएगा।











Discussion about this post