मुज़फ़्फ़रनगर। बिना डिग्री के एक महिला का गलत ऑपरेशन करने के आरोप में दो डॉक्टरों समेत तीन लोगों के खिलाफ कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई अदालत के आदेश पर की गई है। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।
लद्दावाला निवासी अमजद सैफी ने शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी शगुफ्ता लीवर में फोड़ा होने की समस्या से पीड़ित थीं। डॉ. अम्मार हुसैन निवासी अंबा विहार, डॉ. शमीम आज़म निवासी कुटेसरा और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति ने दूरबीन विधि से ऑपरेशन कराने के बहाने उनकी पत्नी को 21 अगस्त 2023 को गैलेक्सी अस्पताल में भर्ती कराया। वहाँ डॉ. अम्मार हुसैन और डॉ. शमीम आज़म ने ऑपरेशन किया।
बाद में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से जानकारी मिली कि जिस संगम पैथोलॉजी लैब से जाँच कराई गई थी, वह पंजीकृत ही नहीं है और फर्जी तरीके से संचालित की जा रही थी। आरोप है कि गलत ऑपरेशन और फर्जी रिपोर्ट के कारण पीड़िता की हालत बिगड़ गई और उसके फेफड़ों में पानी भर गया।
आवेदक ने बताया कि जांच में यह भी पता चला है कि डॉ. अम्मार हुसैन के पास न तो कोई डिग्री या डिप्लोमा है और न ही दोनों डॉक्टरों के पास ऑपरेशन करने की अनुमति है। आरोप है कि दोनों ने जानबूझकर धोखाधड़ी से ऑपरेशन किया और दो लाख पांच हजार रुपये हड़प लिए। शिकायत करने पर पीड़ित को धमकाया भी गया।
पीड़ित ने बताया कि पुलिस से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दोनों डॉक्टरों समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











Discussion about this post