मुजफ्फरनगर। सिखैड़ा थाना क्षेत्र के ढंढेरा गांव की महिलाएं सोमवार को कचहरी परिसर स्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचीं और गांव के एक युवक रजनीश के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता उर्मिला देवी ने बताया कि रजनीश अपनी बोलेरो गाड़ी में अपने साथियों देवेंद्र भोलू और दीपांशु को बिठाकर आए दिन अश्लील गाने तेज़ आवाज़ में बजाता है, जिसकी आवाज़ उनके घर तक आती है।
उर्मिला ने बताया कि उनके घर में दो छोटी बेटियां और दो भांजियाँ भी रहती हैं, जिन पर इसका गलत प्रभाव पड़ता है। जब उन्होंने रजनीश को अश्लील गाने बजाने और गाड़ी खड़ी करने से मना किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और कान के कुण्डल तक फाड़ दिए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
महिला का कहना है कि यह घटना पहले भी हो चुकी है, और आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर है। अब दोबारा विरोध करने पर उसने फिर से हमला किया।
पीड़िता ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।










Discussion about this post