मुजफ्फरनगर। चौधरी चरण सिंह स्टेडियम में चल रही भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली में युवाओं का उत्साह चरम पर है। सोमवार रात सहारनपुर जिले की बेहट, नकुड़, देवबंद तहसील और बुलंदशहर जिले की खुर्जा तहसील के कुल 1312 अभ्यर्थियों ने दौड़ में अपना दमखम दिखाया। वहीं मंगलवार को बुलन्दशहर की सिकन्दराबाद, डिबाई, शिकारपुर और अनूपशहर तहसीलों के 1241 युवा भर्ती प्रक्रिया में भाग लेंगे।
भर्ती अधिकारियों के अनुसार, अग्निवीर जनरल ड्यूटी, क्लर्क, एसकेटी, टेक्नीकल और ट्रेडमैन पदों के लिए चयन प्रक्रिया चल रही है। यह भर्ती 22 अगस्त से शुरू होकर 8 सितम्बर तक चलेगी।
3 सितम्बर को तकनीकी भर्ती
4 सितम्बर को ट्रेडमैन भर्ती
5 सितम्बर को क्लर्क व एसकेटी भर्ती आयोजित होगी।
इस भर्ती रैली में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुल 13 जिलों के युवाओं को सेना में शामिल होने का अवसर मिल रहा है।
इसी बीच, सोमवार को एक मानवीय पहल भी देखने को मिली। बुलन्दशहर से आए अभ्यर्थी लोकेन्द्र कुमार का बैग ई-रिक्शा में छूट गया था, जिसमें जरूरी दस्तावेज और सामग्री रखी थी। मुजफ्फरनगर पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए बैग बरामद कर सुरक्षित अभ्यर्थी को लौटा दिया। पुलिस की इस संवेदनशीलता ने युवाओं में विश्वास और सम्मान को और बढ़ा दिया।










Discussion about this post