मुज़फ्फरनगर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान इस बार हरिद्वार से पवित्र गंगा जल लेकर आने वाले शिवभक्तों की झांकियों के बीच भगवान श्रीराम की 18 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा वाली कांवड़ ने सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है।
अयोध्या में स्थापित भगवान राम की झांकी को लेकर कांवड़िये मुजफ्फरनगर के शिव चौक पहुंचे, जहां स्थानीय श्रद्धालु और राहगीर इसे देखने उमड़ पड़े। भगवान राम की इस झांकी में उनके चरणों में हनुमान जी, लव-कुश और शिवलिंग की भी प्रतिमा विराजमान है, जो इसे और भी दिव्य रूप देती है।
कांवड़ लेकर आए 32 सदस्यों के समूह में शामिल भोले शरद ने बताया कि उनका उद्देश्य न केवल गंगाजल चढ़ाना है, बल्कि समाज को भगवान राम के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देना भी है।
उन्होंने कहा, “भगवान श्रीराम ने हमेशा सत्य और धर्म का मार्ग अपनाया, हम भी उसी राह पर चलने का संदेश लेकर निकले हैं।” उन्होंने बताया कि कांवड़ में 11 लीटर जल का एक मुख्य कलश रखा गया है, जबकि अन्य 35 भक्तों के पास अलग-अलग जल कलश हैं।
शरद और उनके समूह ने कहा कि उन्हें गर्व है कि भगवान श्रीराम अब अपने घर अयोध्या में विराजमान हैं। उन्होंने यह कांवड़ राम जन्मभूमि मंदिर के प्रति श्रद्धा और उत्सव के रूप में समर्पित की है।










Discussion about this post