मुज़फ्फरनगर। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शेरनगर शाखा में एक चौंकाने वाला लोन घोटाला सामने आया है। बैंक की पूर्व शाखा प्रबंधक अमृता सिंह पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे अपने लिए 40 लाख रुपये का होम लोन स्वीकृत कराने और रकम का दुरुपयोग करने का आरोप है। बैंक की आंतरिक जांच में धोखाधड़ी की पुष्टि के बाद आरोपी अधिकारी को निलंबित कर दिया गया। अब पुलिस ने उनके खिलाफ धोखाधड़ी और विश्वासघात की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता शिवांश वर्मा, जो वर्तमान में शेरनगर शाखा में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि अमृता सिंह 17 जुलाई 2021 से 2 मई 2023 तक शेरनगर शाखा में तैनात थीं। इस दौरान उन्होंने ड्रीम सिटी कॉलोनी, मुजफ्फरनगर में प्लॉट खरीदने और मकान निर्माण के लिए 40 लाख रुपये का होम लोन पास कराया, जिसकी पूरी राशि उन्होंने खुद के खाते में ट्रांसफर करवा ली।
बैंक जांच में सामने आया कि न तो संपत्ति को गिरवी रखा गया, न ही किसी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू किया गया। जब बैंक ने निर्माण की स्थिति जानने की कोशिश की तो अमृता सिंह टालमटोल करती रहीं। इसके बाद की गई जांच में पूरे फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हुआ।
बैंक द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर नई मंडी कोतवाली में मामला दर्ज किया गया। एसएचओ दिनेश बघेल ने बताया कि एसीजेएम कोर्ट नंबर एक के आदेश पर आरोपी अमृता सिंह के विरुद्ध IPC की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 406 (आपराधिक विश्वासघात) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।










Discussion about this post