कांवड़ यात्रा के दौरान जहां पुलिस प्रशासन कानून व्यवस्था बनाए रखने में जुटा है, वहीं फुगाना सर्किल सीओ ऋषिका सिंह अपनी सेवा भावना से लोगों का दिल जीत रही हैं। 24 घंटे की ड्यूटी के साथ-साथ वे कांवड़ यात्रियों की हरसंभव मदद कर रही हैं, जिससे सोशल मीडिया पर उनकी जमकर सराहना हो रही है।
ऋषिका सिंह की तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें वे महिला यात्रियों और बच्चों की मदद करती, थके हुए श्रद्धालुओं के हाथ-पैर दबाती और उन्हें दवा व मेडिकल सहायता उपलब्ध कराती दिखाई दे रही हैं। यह पहल लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ रही है और पुलिस के प्रति जनता की सोच में सकारात्मक बदलाव ला रही है।
एसएसपी संजय वर्मा के निर्देशन में मुजफ्फरनगर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। महिला यात्रियों के लिए विशेष टॉयलेट की व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, और सुरक्षा निगरानी जैसे कार्यों में पुलिस टीम लगातार जुटी है।
सीओ सिंह ने बताया कि अब तक कांवड़ मार्ग पर किसी तरह की छेड़छाड़ या असामाजिक गतिविधि की कोई शिकायत नहीं मिली है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त चेतावनी जारी की गई है। उनका यह प्रयास यात्रा को शांति और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बन रहा है।











Discussion about this post