शामली। जिलाधिकारी शामली के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट के सभागार में आज अपर जिलाधिकारी न्यायिक परमानन्द झा और अपर पुलिस अधीक्षक सन्तोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में आगामी कांवड़ यात्रा 2025 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में कांवड़ यात्रा के सुचारु संचालन को लेकर व्यापक समीक्षा की गई। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का भौतिक निरीक्षण करें और जहां भी कोई कमी हो, उसे जल्द से जल्द दूर किया जाए। विशेष रूप से लोक निर्माण विभाग और एनएचआई को निर्देशित किया गया कि यात्रा मार्ग में जहां कहीं भी सड़क, पुल या अन्य समस्याएं हैं, उन्हें दुरुस्त किया जाए।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि शिविरों पर डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और एंबुलेंस की समुचित व्यवस्था की जाए।
इसके अतिरिक्त बैठक में जिन बिंदुओं पर चर्चा हुई, उनमें प्रमुख रूप से प्रकाश व्यवस्था, वृक्षों की लटकी टहनियों की छंटाई, गोताखोरों की उपलब्धता, अग्निशमन की व्यवस्था, खाने की गुणवत्ता, मंदिरों पर दर्शन की समुचित व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट, शिविरों की अनुमति, रूट डायवर्जन, सीसीटीवी कैमरे, साइन बोर्ड, वॉच टावर, कंट्रोल रूम की स्थापना और बैरीकेडिंग शामिल रहे।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी विभाग समय से अपनी तैयारियां पूर्ण करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में पुलिस प्रशासन के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।











Discussion about this post