नई दिल्ली। नौसेना अधिकारियों को समुद्री प्रशिक्षण देने वाली भारतीय नौसेना अकादमी (आईएनए) इस बार ‘एडमिरल्स कप’ की मेज़बानी कर रही है। सोमवार से शुरू हुई दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित नौकायन चैंपियनशिप में से एक, इस 14वें संस्करण में 35 देशों की नौसेनाएं हिस्सा ले रही हैं।
चैंपियनशिप का औपचारिक उद्घाटन 9 दिसंबर को होगा। इसके बाद, चुनौतीपूर्ण समुद्री परिस्थितियों और तेज़ हवाओं के बीच चार दिनों तक नौसैनिकों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।
दोस्ती और सहयोग बढ़ाने का लक्ष्य-
नौसेना के अनुसार, ‘एडमिरल कप’ की स्थापना 2010 में मित्र देशों की नौसेनाओं के प्रशिक्षु अधिकारियों के बीच सौहार्द, समुद्री सहयोग और आपसी समझ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी। यह प्रतियोगिता अब एक प्रतिष्ठित वैश्विक आयोजन बन चुकी है, जो दुनिया भर की नौसेना अकादमियों से शीर्ष नौकायन प्रतिभाओं को आकर्षित करती है।
यह प्रतियोगिता सामरिक कुशाग्रता, शारीरिक मज़बूती और सटीक नाविक कौशल की परीक्षा होती है, जिसका आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित ‘आईएलसीए-6’ श्रेणी की सेलबोट्स (नौकाओं) का उपयोग करके मैच रेसिंग प्रारूप में किया जाता है।
विविध समुद्री संस्कृतियों का संगम-
इस वर्ष के आयोजन में एशिया, यूरोप, अफ्रीका, ओशिनिया और अमेरिका सहित विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों की टीमें भाग ले रही हैं, जो विविध समुद्री संस्कृतियों को एक ही प्रतिस्पर्धी मंच पर लाएंगी। यह आयोजन न केवल खेल प्रतिद्वंद्विता को बढ़ावा देगा, बल्कि भविष्य के नौसेना नेतृत्व के बीच पेशेवर संबंधों को भी मज़बूत करेगा।
आईएनए का आधुनिक प्रशिक्षण इको-सिस्टम और एझिमाला के तटीय जल की अनुकूल परिस्थितियां इस स्तर की प्रतियोगिता के लिए एक आदर्श वातावरण प्रदान करती हैं। दौड़ के अलावा, मेहमान टीमें सांस्कृतिक आदान-प्रदान और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से भारतीय नौसेना की परंपराओं और लोकाचार का अनुभव भी करेंगी।
यह आयोजन 13 दिसंबर को समापन समारोह के साथ समाप्त होगा, जहां सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीमों और उत्कृष्ट व्यक्तिगत नाविकों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। समुद्री साझेदारी की भावना को उजागर करते हुए ’एडमिरल कप’ वैश्विक नौसैनिक सहयोग, अधिकारी प्रशिक्षुओं के व्यावसायिक विकास और टीम वर्क, अनुशासन और खेल कौशल के साझा मूल्यों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को मजबूत करेगा।











Discussion about this post