बागपत। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती के उपलक्ष्य में बागपत के रमाला क्षेत्र स्थित किशनपुर बराल में ‘किसान सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया।
आधुनिक तकनीक और सब्सिडी का उठाएं लाभ-
किसानों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कृषि के बदलते स्वरूप पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “आज के युग में पारंपरिक खेती के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाना अनिवार्य हो गया है। सरकार आधुनिक कृषि यंत्रों और नई तकनीकों पर भारी सब्सिडी दे रही है। किसानों को जागरूक होकर इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।”
आय बढ़ाने के लिए ‘सहफसली खेती’ जरूरी-
मंत्री ने किसानों को केवल गन्ने की खेती पर निर्भर न रहने की सलाह दी। उन्होंने ‘सहफसली खेती’ (Intercropping) को आय बढ़ाने का प्रमुख जरिया बताया। जयंत चौधरी ने सुझाव दिया कि किसान छोटे-छोटे समूह बनाकर संगठित रूप से खेती करें, जिससे लागत कम होगी और मुनाफा बढ़ेगा।
खेती में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उदय-
भविष्य की कृषि पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि अब किसानी में भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दखल बढ़ रहा है। एआई और डेटा आधारित तकनीकों के माध्यम से किसान मिट्टी की सेहत, मौसम के सटीक पूर्वानुमान और फसल प्रबंधन को अधिक वैज्ञानिक और उत्पादक बना सकते हैं।











Discussion about this post