मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब बॉम्बे उच्च न्यायालय (Bombay High Court) और बांद्रा कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस सनसनीखेज धमकी के बाद सुरक्षा कारणों से दोनों अदालतों का कामकाज दोपहर 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
ईमेल के जरिए दी गई सामूहिक धमकी-
पुलिस के अनुसार, बॉम्बे हाई कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर गुरुवार सुबह एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल में बेहद आक्रामक भाषा का इस्तेमाल करते हुए लिखा गया था, “हम सिर्फ हाई कोर्ट को ही नहीं, बल्कि सभी अदालतों को बम से उड़ा देंगे।” इसी तरह का एक धमकी भरा संदेश बांद्रा कोर्ट को भी भेजा गया था।
सुरक्षा घेरे में अदालतें, सघन तलाशी अभियान-
धमकी की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम सक्रिय हो गया। तुरंत बम निरोधक दस्ते (BDDS) और पुलिस की भारी टीम दोनों अदालतों के परिसरों में पहुंची।
दक्षिण मुंबई स्थित हाई कोर्ट की ऐतिहासिक इमारत और बांद्रा कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई।
घंटों चली सघन जांच के बाद पुलिस को कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, जिसके बाद इसे ‘होक्स कॉल’ (झूठी धमकी) मानकर राहत की सांस ली गई।
आरोपी की तलाश में पुलिस-
मुंबई पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की साइबर सेल ईमेल के आईपी एड्रेस (IP Address) और सोर्स का पता लगाने में जुटी है ताकि धमकी भेजने वाले की पहचान की जा सके और इस साजिश के पीछे के मकसद का खुलासा हो सके।











Discussion about this post