मुंबई। महाराष्ट्र की सियासत के सबसे बड़े संग्राम यानी बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) समेत राज्य के 29 नगर निगमों के चुनाव की तारीखों का सोमवार को आधिकारिक एलान कर दिया गया। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, इन नगर निगमों में 15 जनवरी 2026 को मतदान होगा, जबकि 16 जनवरी 2026 को मतगणना के साथ नतीजों की घोषणा की जाएगी।
3.48 करोड़ मतदाता लिखेंगे शहरों की किस्मत-
राज्य निर्वाचन आयुक्त दिनेश वाघमारे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इन 29 नगर निगमों की कुल 2,869 सीटों पर चुनाव कराए जाएंगे। इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में लगभग 3.48 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए जा रहे हैं।
एक नज़र चुनाव कार्यक्रम पर (शेड्यूल)-
नामांकन प्रक्रिया का आगाज़: 23 दिसंबर 2025
नामांकन की अंतिम तिथि: 30 दिसंबर 2025
नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी: 31 दिसंबर 2025
नाम वापसी की डेडलाइन: 2 जनवरी 2026
चुनाव चिन्ह आवंटन: 3 जनवरी 2026
मतदान (Voting): 15 जनवरी 2026
मतगणना (Results): 16 जनवरी 2026
मुंबई, पुणे और ठाणे जैसे बड़े शहरों में महा-मुकाबला
जिन नगर निगमों में चुनाव होने हैं, उनमें देश की सबसे अमीर नगर निकाय मुंबई (BMC) के अलावा नवी मुंबई, ठाणे, पुणे, नासिक, नागपुर और छत्रपति संभाजीनगर जैसे महत्वपूर्ण शहर शामिल हैं। गौरतलब है कि कोरोना और अन्य कानूनी अड़चनों के कारण ये चुनाव 2022 से लंबित थे।
बदले राजनीतिक समीकरणों के बीच कड़ा इम्तिहान-
शिवसेना और एनसीपी में हुई बड़ी टूट के बाद यह पहला मौका है जब स्थानीय निकाय चुनाव होने जा रहे हैं। तारीखों के एलान के साथ ही महाराष्ट्र की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। जहाँ सत्ताधारी महायुति और विपक्षी महाविकास अघाड़ी के बीच कांटे की टक्कर है, वहीं कांग्रेस ने पहले ही साफ कर दिया है कि वह बीएमसी के सभी 227 वार्डों पर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेगी।











Discussion about this post