नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के इतिहास में सोमवार, 15 दिसंबर 2025 का दिन एक नए अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन की विधिवत ‘ताजपोशी’ की गई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नितिन नबीन को पारंपरिक पटका पहनाकर और गुलदस्ता भेंट कर राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का कार्यभार सौंपा।
45 की उम्र में ऐतिहासिक जिम्मेदारी-
नितिन नबीन की नियुक्ति कई मायनों में ऐतिहासिक है। 23 मई 1980 को जन्मे नितिन की उम्र वर्तमान में 45 वर्ष है। दिलचस्प इत्तेफाक यह है कि भाजपा की स्थापना को भी इस वर्ष 45 साल ही हुए हैं। पार्टी ने अब तक का सबसे युवा कार्यकारी अध्यक्ष चुनकर भविष्य के नेतृत्व को लेकर बड़ा संकेत दिया है। यदि वे स्थायी अध्यक्ष बनते हैं, तो वे अमित शाह (49 वर्ष) और नितिन गडकरी (52 वर्ष) को पीछे छोड़ते हुए भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का रिकॉर्ड अपने नाम करेंगे।
एयरपोर्ट से मुख्यालय तक भव्य स्वागत-
कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद पहली बार दिल्ली पहुँचे नितिन नबीन का जोरदार स्वागत हुआ। एयरपोर्ट पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने उनकी अगवानी की। इसके बाद पार्टी मुख्यालय पहुँचने पर ढोल-नगाड़ों और फूलों की बारिश के बीच दिग्गजों ने उनका स्वागत किया। बिहार में ‘मिस्टर क्लीन’ की छवि रखने वाले नितिन नबीन को बधाई देने के लिए पार्टी कार्यालय में देशभर के बड़े नेताओं का तांता लगा रहा।
विरासत और संघर्ष का सफर-
नितिन नबीन राजनीति उन्हें विरासत में मिली है। वे जेपी आंदोलन के प्रखर नेता रहे दिवंगत नबीन सिन्हा के पुत्र हैं। 2005 में जब उनके पिता का दिल्ली में निधन हुआ, तब नितिन मात्र 26 साल के थे। उन्होंने पिता की राजनीतिक विरासत को न केवल संभाला, बल्कि पटना पश्चिम सीट से लगातार जीत दर्ज कर अपनी संगठन क्षमता को साबित किया। 12वीं तक की शिक्षा दिल्ली में प्राप्त करने वाले नितिन अब दिल्ली की सत्ता के केंद्र से ही देश की सबसे बड़ी पार्टी का संचालन करेंगे।
चुनौतियां और आगामी लक्ष्य-
नितिन नबीन को यह कमान ऐसे समय में मिली है जब भाजपा देशभर में अपने संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया शुरू कर रही है। जेपी नड्डा के मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद, अब नितिन नबीन ही वह ‘सारथी’ होंगे जो आगामी विधानसभा चुनावों और संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का खाका तैयार करेंगे।











Discussion about this post