मुज़फ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए एक युवक के अपहरण का आरोप लगाते हुए सैकड़ों महिला और पुरुष बुधवार को भोकरहेड़ी बस स्टैंड पर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने पुलिस से युवक की शीघ्र बरामदगी की मांग की।
पीड़ित नेमपाल ने थाने में दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा रजनीश 11 अगस्त की रात करीब 10 बजे मोटरसाइकिल से अपने मामा विकास (निवासी नंगला कोयल, जिला हरिद्वार) के घर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। उसकी तलाश के दौरान ग्रामीण रहमतपुर–गडवाड़ा मार्ग पर पहुंचे, जहां तीन लोगों ने रजनीश को रोककर मारपीट की और उसका अपहरण कर ले गए। पास में ही उसकी क्षतिग्रस्त बाइक मिली।
मामले को लेकर पहले ग्रामीणों ने थाने में हंगामा किया, फिर नेमपाल, उसकी पत्नी कविता, आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष दिनेश बावरा और अन्य लोगों के साथ सैकड़ों ग्रामीण भोकरहेड़ी बस स्टैंड पर धरने पर बैठ गए। पुलिस ग्रामीणों को समझाने में जुटी रही।
थाना प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि युवक की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं, सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ हो रही है। देर शाम तक ग्रामीण धरने पर बैठे रहे।










Discussion about this post