मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने थाना नई मण्डी, थाना कोतवाली नगर, थाना बुढ़ाना तथा थाना शाहपुर का औचक निरीक्षण किया। दिन में नगर क्षेत्र के दो थानों तथा देर रात्रि में ग्रामीण क्षेत्र के दो थानों के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थानों में व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिये।
एसएसपी संजय कुमार ने सबसे पहले थाना नई मण्डी और थाना कोतवाली नगर का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना कार्यालय, मालखाना, बंदी गृह, संतरी पहरा, भोजनालय, कम्प्यूटर कक्ष और शस्त्रागार आदि का गहन निरीक्षण किया। थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों की भी उन्होंने विस्तार से जांच की, जिनमें त्योहार रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, और टॉप-10 अपराधियों की सूची विशेष रूप से शामिल रही।
उन्होंने निर्देश दिया कि टॉप-10 अपराधियों को नए सिरे से चिन्हित किया जाए और उन पर वैधानिक कार्रवाई हो। इसके अतिरिक्त एसएसपी ने अवैध मादक पदार्थ, शराब, जुआ और सट्टे की रोकथाम के लिए भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। शातिर अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों के सत्यापन, महिला अपराधों की प्राथमिकता के आधार पर जांच तथा नियमित पेट्रोलिंग के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
निरीक्षण के उपरांत एसएसपी ने थाना नई मण्डी और कोतवाली नगर के निरीक्षक व उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारियों के साथ गोष्ठी की और उन्हें गुणवत्तापूर्ण विवेचना करने तथा अनुशासन और जनसंपर्क बेहतर बनाने के दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नई मण्डी श्रीमती रूपाली राव सहित संबंधित थानों के प्रभारी निरीक्षक और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
इसी क्रम में देर रात्रि एसएसपी संजय कुमार ने थाना बुढ़ाना और थाना शाहपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यहां भी उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्था, मालखाना, बंदी गृह, शस्त्रागार और अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों की जांच की। जैसे नगर थानों में निर्देश दिए गए थे, वैसे ही यहां भी उन्होंने टॉप-10 अपराधियों की पुनः सूची बनाकर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करने, अवैध गतिविधियों की रोकथाम, शातिर अपराधियों के सत्यापन, महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और प्राथमिकता, तथा नियमित गश्त की आवश्यकता पर बल दिया।
थाना बुढ़ाना पर अधिकारियों के साथ गोष्ठी आयोजित कर उन्होंने विवेचना की गुणवत्ता सुधारने, समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने तथा पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना श्री गजेन्द्रपाल सिंह, दोनों थानों के प्रभारी निरीक्षक तथा अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।










Discussion about this post