शामली। अंबाला-शामली एक्सप्रेस-वे जिले के गोगवान जलालपुर तक जाएगा। अगर गोरखपुर-शामली एक्सप्रेस-वे गोगवान जलालपुर गोल चक्कर से शुरू होता है तो दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के ऊपर 62 मीटर लंबा और 32 मीटर चौड़ा ओवरब्रिज बनेगा। हालांकि शामली-गोरखपुर एक्सप्रेस-वे के निर्माण को लेकर अभी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अधिकारियों ने जल्द निर्माण कार्य शुरू करने को कहा है।
निर्माण एजेंसी के अधिकारियों के मुताबिक, पंजाब प्रांत के पूर्वी क्षेत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को जोड़ने के लिए अंबाला- शामली एक्सप्रेसवे का निर्माण पिछले दो साल से चल रहा है। तीन फेस में प्रस्तावित अंबाला-शामली एक्सप्रेसवे सहानपुर जिले के गंगोह सीमा से लेकर शामली जिले के थानाभवन क्षेत्र के गोगवान जलालपुर तक निर्माण तेजी से चल रहा है। अंबाला-शामली एक्सप्रेसवे थानाभवन कस्बे में चीनी मिल के पास, दिल्ली-शामली-सहारनपुर हाईवे थानाभवन और जलालाबाद के पास दिल्ली-शामली रेलवे लाइन और गंदेवड़ा संगम के पास पूर्वी यमुना नहर के ऊपर से गुजरेगा।
गंगोह-जलालाबाद जिला मार्ग के ऊपर भी छह-छह लेन के उपरिगामी पुल का निर्माण हो रहा है। सभी जगह उपरिगामी पुलों के पिलर खड़े हो चुके हैं। उपरिगामी पुलों पर गर्डर रखने के लिए एनएचएआई के ठेकेदार की ओर तैयारी की जा रही है। दिल्ली-शामली, सहारनपुर हाईवे पर अंबाला-शामली एक्सप्रेसवे के उपरिगामी पुल पर गर्डर रखने के लिए हाईवे के दोनों ओर आने जाने के लिए वाहनों के लिए अलग से रास्ता बनाया गया है।
अंबाला-शामली एक्सप्रेसवे की निर्माण एजेंसी के जीएम हिमांशु चौधरी ने बताया कि गोगवान जलालपुर में गोलचक्कर का निर्माण अगले छह माह में पूरा होजाएगा। उन्होंने बताया कि यदि गोगवान जलालपुर से गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे शुरु हुआ तो गोगवान जलालपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के ऊपर से होकर जाएगा। इस साल के आखिर तक शामली गोरखपुर की डीपीआर अस्तिव में आ जाएगी।
अंबाला-शामली एक्सप्रेसवे के परियोजना निदेशक गजेंद्र सिंह ने बताया कि यमुना नदी पर एक किमी लंबाई का छह लेन का उपरिगामी पुल बनाने के लिए गर्डर रखने का काम शुरु हो गया है। 31 दिसंबर 2025 तक यमुना नदी पर छह लेन का उपरिगामी पुल 31 दिसबर 2025 तक बन कर तैयार हो जाएगा। 121 किमी लंबाई का और 35 हजार करोड़ रुपये की लागत से यह एक्सप्रेसवे अंबाला से लेकर गोगवान जलालपुर तक आगामी 31 मार्च 2026 तक बनकर तैयार हो जाएगा।











Discussion about this post