मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जिले के चरथावल थाना क्षेत्र स्थित गांव चोकड़ी पुल के पास दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से अवैध तमंचा (.315 बोर) और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। यह फायरिंग एक कब्रिस्तान के पास हुई थी, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी थी।
चरथावल थाना क्षेत्र के मोहल्ला चौहट्टा निवासी सुहेल पुत्र हफीजुद्दीन ने अपने ऊपर हुई फायरिंग की शिकायत दर्ज कराई थी। मामला ग्राम न्यामू निवासी सारिक पुत्र इंतजार के खिलाफ पंजीकृत किया गया था, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मुथरा ईदगाह मार्ग की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जसवीर सिंह, कस्बा इंचार्ज सुरेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक विशाल राठी, हेड कांस्टेबल मनोज सिरोही और कांस्टेबल राहुल कुमार की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।










Discussion about this post