मुजफ्फरनगर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर मुजफ्फरनगर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन द्वारा जिला परिषद मार्केट में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के प्रमुख केमिस्ट सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
योग शिविर का संचालन योग गुरु साईंराम और उनके सहयोगी मुकेश ढींगरा द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित सभी केमिस्ट बंधुओं को योग की विभिन्न विधियों की शिक्षा दी और नियमित योग के लाभों पर प्रकाश डाला।
योगाचार्य साईंराम ने बताया कि योग केवल शारीरिक कसरत नहीं, बल्कि एक सम्पूर्ण जीवन शैली है। ध्यान और योग के माध्यम से मानसिक शांति, आत्म-नियंत्रण और बीमारियों जैसे मधुमेह व उच्च रक्तचाप पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
इस अवसर पर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष सुभाष चौहान ने कहा, “योग भारत की पहचान है, इससे दुनिया को दिशा मिलती है। योग अपनाकर हम न केवल स्वयं को, बल्कि समाज को भी स्वस्थ बना सकते हैं।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वसुधैव कुटुंबकम की भावना को साकार करती है।
योग शिविर में सुभाष चौहान, प्रमोद मित्तल, आर. के. गुप्ता, सतपाल सिंह, प्रमोद पोपली, पंकज तनेजा, सतीश तायल, दिव्य प्रताप, मनोज गर्ग, सचिन त्यागी, मुकेश शर्मा, आदित्य जैन, दीपक गर्ग, संदीप भारद्वाज, मुकेश सोम, संदीप चौहान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य जागरूकता का प्रतीक बना, बल्कि समाज में सकारात्मकता, संतुलन और सामूहिक चेतना को भी प्रोत्साहित करता है।










Discussion about this post