मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के मोहल्ला महमूद नगर में उस समय तनाव व्याप्त हो गया जब मकान खाली करने को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक महिला द्वारा मकान में अवैध गतिविधियां की जा रही थीं, जिसका पड़ोसियों ने विरोध किया। इसी के चलते हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिसमें एक किन्नर रुखसार और एक महिला सलमा गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के संबंध में पीड़िता गुलसाना ने बताया कि किराए पर रहने वाली महिला रियासत के खिलाफ उन्होंने मोहल्ले में गलत गतिविधियों को लेकर आपत्ति जताई थी। जब उन्होंने मकान खाली करने को कहा, तो रियासत और उसके पति ने मिलकर रुखसार और सलमा पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया।
रुखसार किन्नर ने बताया कि जब उन्होंने मामले को समझाने का प्रयास किया, तो रियासत ने उन्हें घर के अंदर खींच लिया और उनके पति ने सिर पर धारदार वस्तु से वार किया, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ीं। सलमा को भी लाठी-डंडों से बुरी तरह मारा गया।
घायल महिलाएं जिला अस्पताल में उपचाराधीन हैं और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है।










Discussion about this post