मुजफ्फरनगर। जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र से सड़क सुरक्षा की धज्जियां उड़ाती एक बेहद खौफनाक तस्वीर सामने आई है। ग्राम नगला राई में सड़क पार कर रही कक्षा-1 की मासूम छात्रा को एक बेकाबू बाइक सवार ने ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि देखने वालों की रूह कांप गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम बच्ची हवा में उछलकर करीब 20 फीट दूर जाकर गिरी। यह पूरी घटना पास के एक मदरसे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
स्कूल से घर लौट रही थी मासूम अफनान-
जानकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार शाम करीब 4 बजे हुआ। नगला राई निवासी मासूम छात्रा अफनान अपने स्कूल और मदरसे के अन्य साथियों के साथ सड़क पार कर रही थी। तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बच्ची के साथ-साथ बाइक सवार भी कई फुट दूर जाकर घिसटता हुआ गिरा।
हालत गंभीर, अस्पताल में जिंदगी की जंग-
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने दौड़कर लहूलुहान हालत में छात्रा और घायल बाइक सवार को उठाया। दोनों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से अफनान की नाजुक हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल मासूम अफनान अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
प्रशासन की सुस्ती पर भड़के ग्रामीण-
प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद महताब ने बताया कि यह सड़क बच्चों के लिए काल बनती जा रही है। उन्होंने कहा, “बच्चे मदरसे से बाहर निकल रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। यहाँ आए दिन वाहन चालक तेज रफ्तार में निकलते हैं, लेकिन प्रशासन सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं कर रहा है।” ग्रामीणों ने मांग की है कि स्कूल और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर और सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।










Discussion about this post