लखनऊ। बीबीडी थाना क्षेत्र के सलारगंज स्थित शिवम ग्रीन सिटी में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक सूर्य प्रताप सिंह (32) की उसकी प्रेमिका रत्ना देवी ने धारदार चाकू से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला रत्ना देवी को हिरासत में ले लिया।
चार साल से साथ रह रहे थे-
पुलिस के अनुसार, रत्ना देवी और सूर्य प्रताप पिछले चार वर्षों से लिव-इन में रह रहे थे। मृतक सूर्य प्रताप सिंह मूल रूप से देवरिया जिले के रहने वाले थे और एवरेडी कंपनी में एग्जिक्यूटिव इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे।
रत्ना देवी अपनी दो बेटियों 18 वर्षीय अनुष्का और 15 वर्षीय जानवी सिंह के साथ सूर्य प्रताप सिंह के किराए के फ्लैट में रहती थी। घटना के वक्त दोनों बेटियां भी घर पर ही मौजूद थीं, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
ट्यूशन पढ़ाने के दौरान शुरू हुआ रिश्ता-
जानकारी के मुताबिक, करीब 22 वर्ष की उम्र में सूर्य प्रताप, रत्ना देवी की बेटियों को जानकीपुरम स्थित आकांक्षा कॉलोनी में ट्यूशन पढ़ाने जाते थे। इसी दौरान दोनों के बीच नज़दीकियां बढ़ीं और उनका रिश्ता लिव-इन तक पहुंच गया।
पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं और उन्होंने आरोपी प्रेमिका रत्ना देवी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।










Discussion about this post