शामली। शहर के लोगों को जल्द ही जाम से राहत मिल सकती है। नगर पालिका परिषद ने शहर में चार स्थानों पर केरल की तर्ज पर लिफ्ट वाहन पार्किंग बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।
शामली नगर पालिका परिषद बोर्ड बैठक में चारों लिफ्ट वाहन पार्किंग का प्रस्ताव रखेगी। बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित होने के बाद शहर में लिफ्ट वाहन पार्किग शुरु हो जाएगी। शहर में फव्वारा चौक, बड़ा बाजार, गांधी चौक, वर्मा मार्किट, हनुमान रोड, रेलवे रोड, अस्पताल रोड, शिव चौक, धीमानपुरा रोड भिक्की मोड, माजरा रोड, भैंसवाल रोड, टंकी रोड, रेलवे रोड, गुरुद्वारा रोड पर बुढ़ाना रोड रेलवे फाटक रेलपार बाईपास पर आए दिन जाम लगा रहता है। जाम से शहर में वाहन चालकों, और लोगों को कई बार पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
शहर को जाम से मुक्ति के लिए कई बार व्यापार और उद्योग बंधु की बैठक में मुद्दा उठता रहा है लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। अब शामली नगर पालिका परिषद की ओर से लिफ्ट वाहन पार्किंग की कार्ययोजना पर काम करना शुरु कर दिया है।
वाहन पार्किंग के लिए शामली नगर पालिका परिषद की ओर से शहर के विजय- अजंता सिनेमा के बीच अंतरराजीय बस अड्डा, शहर के अस्पताल रोड पुराना बुढ़ाना बस अड्डा, शामली कोतवाली में पीर के पास और भाकूवाला टेलीफोन एक्सचेंज आदि चार स्थान चिन्हित किए गए हैं।
पालिका अध्यक्ष अरविंद संगल ने बताया कि केरल में लिफ्ट वाहन पार्किंग का माॅडल पसंद किया गया था। जिलाधिकारी को भी मॉडल की जानकारी दी गई है। उन्होंने भी पार्किंग के लिए अनुमति दी है। एक वाहन पार्किग में 200 वाहन खडे होने की सुविधा होगी। एक पार्किंग दस मंजिला होगी। दिल्ली की कंपनी को वाहन पार्किंग बनाने के लिए अनुबंध कराने को वार्ता चल रही है। नगर पालिका परिषद बोर्ड बैठक में लिफ्ट वाहन पार्किंग का प्रस्ताव पास कराया जाएगा। बोर्ड बैठक के प्रस्ताव को पारित होने के बाद वाहन पार्किंग लागू की जाएगी।











Discussion about this post