मुजफ्फरनगर। जिले के भोपा थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक होमगार्ड की ड्यूटी से लौटते समय सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान सोहनवीर के रूप में हुई है जो गांव गढ़वारा (भोपा थाना क्षेत्र) का रहने वाला था। वह ककरौली थाने से शुक्रताल में ड्यूटी करके लौट रहा था।
बताया गया कि भोकरहेड्डी-शुक्रताल मार्ग पर उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सोहनवीर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पीआरवी, थाना भोपा पुलिस और सीओ भोपा रवि शंकर मिश्रा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जैसे ही होमगार्ड की मौत की सूचना परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया और वे तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए।
सीओ रवि शंकर मिश्रा ने बताया, “हमें सूचना मिली कि एक एक्सीडेंट हुआ है, जिस पर मैं स्वयं थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचा। मृतक की पहचान सोहनवीर के रूप में हुई है। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मृत्यु हुई है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी है।” पुलिस अब अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच कर रही है।










Discussion about this post