मेरठ। आगामी 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून 2025) की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला आयुष समिति की बैठक हुई।बैठक में योग सप्ताह 2025 के सफल आयोजन एवं जनसहभागिता बढ़ाने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिले में वृहद योग स्थलों की पहचान की जाए, जहां बड़ी संख्या में लोग योग कर सकें। तहसील, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर अमृत सरोवर, विद्यालय, और सार्वजनिक स्थलों का चयन कर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। योग मास्टर ट्रेनर की सूची तैयार की जाए और सभी योग स्थलों पर एम्बुलेंस, चिकित्सक और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित हो। जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किए जाएं जो व्यवस्थाओं का समन्वय करें। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के लिए एक सूची तैयार की जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) और बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को सभी विद्यालयों और कॉलेजों में योग कार्यक्रम सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला आयुष समिति द्वारा जनपद में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं योग वेलनेस सेंटरों की जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि स्वच्छता एक्शन प्लान मद में प्राप्त धनराशि से 34 चिकित्सालयों में स्वच्छता संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने इन कार्यों के लिए जैम पोर्टल से खरीदारी सुनिश्चित करने और गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा, सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया, आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. रेनू, बीएसए आशा चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।











Discussion about this post