शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक दर्जन कांवड़िये घायल हो गए। घटना पानीपत-खटीमा हाईवे पर आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के बनत स्थित कृष्णा नदी पुल के पास की है, जहां तेज रफ्तार स्विफ्ट डिज़ायर कार और कांवड़ियों की बाइकों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई।
हादसे में आठ कांवड़िए गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें पहले शामली जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिर गंभीर हालत के चलते हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा के पानीपत जिले के रहने वाले कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे थे। जब वे बनत क्षेत्र में कृष्णा नदी पुल पर पहुंचे, तो सामने से रॉन्ग साइड से आ रही तेज़ रफ्तार स्विफ्ट डिज़ायर कार ने उनकी बाइकों को टक्कर मार दी।
इस टक्कर में 5–6 बाइकें आपस में भिड़ गईं, जिससे आठ लोग बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया और फिर हायर सेंटर रेफर किया।
घायल कांवड़ियों के साथी चाँद ने बताया कि “हम सभी पानीपत के नांगल खेड़ी गांव के रहने वाले हैं और हरिद्वार जा रहे थे। सामने से आ रही स्विफ्ट डिज़ायर गाड़ी ने रॉन्ग साइड से हमारी बाइकों को टक्कर मारी, जिसमें कई साथी घायल हो गए हैं।”
अपर पुलिस अधीक्षक शामली संतोष कुमार सिंह ने बताया, “सुबह 9 बजे के आसपास की यह घटना है। चार मोटरसाइकिलों पर सवार कांवड़िए मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे थे, तभी सामने से तेज गति से आ रही स्विफ्ट डिज़ायर को बचाने के प्रयास में उनकी बाइकें आपस में टकरा गईं। आठ लोगों को चोटें आई हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है, बाकी सामान्य हैं।”











Discussion about this post