मेरठ। थाना परीक्षितगढ़ क्षेत्र के गांव सौंदत में रविवार देर रात खेत पर सिंचाई कर रहे किसान पर संदिग्ध जंगली जानवर ने हमला कर दिया। घायल किसान मतलूब ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। हमले के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई। घबराए ग्रामीण लाठी-डंडे और मशाल लेकर खेतों की ओर बढ़े, लेकिन जंगली जानवर कहीं नजर नहीं आया।
किसान मतलूब के परिजनों ने बताया कि हमलावर जानवर तेंदुआ था। गंभीर रूप से घायल किसान को पहले मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया है।
सोमवार को वन विभाग की टीम, क्षेत्राधिकारी विनोद सागवान के नेतृत्व में गांव पहुंची और घटनास्थल की जांच की। विभाग को खेत के पास पंजों के निशान मिले, लेकिन शुरुआती जांच में ये निशान तेंदुए के नहीं बल्कि किसी अन्य जंगली जानवर के प्रतीत हो रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है और विस्तृत सर्वे कर पहचान की पुष्टि की जाएगी।
हमले के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से खेतों और जंगलों में गश्त बढ़ाने, पिंजरा लगाने और निगरानी के अन्य उपायों की मांग की है।











Discussion about this post